कोरोना देश में 1 लाख 53 हजार 243 केस: टेस्टिंग कैपेसिटी बढ़ी, 624 लैब में 32 लाख से ज्यादा सैम्पलों की जांच हुई, 24 घंटे में 1 लाख 16 हजार जांचें हुईं


यह फोटो इंदौर के अरबिंदो अस्पताल की है। यहां बुधवार को कोरोना बीमारी से ठीक हो चुके पांच से ज्यादा बच्चों को छुट्टी दी गई। एक डॉक्टर ने उनके साथ सेल्फी ली।  


 


नई दिल्ली. देश में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या 1 लाख 53 हजार 243 हो गई है। संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ ही जांच का दायरा भी बढ़ा है। सरकार ने बुधवार को बताया कि अब तक 435 सरकारी और 189 निजी लैब में कुल 32 लाख 42 हजार 160 सैम्पलों की जांच की गई। बीते 24 घंटे में कुल 1 लाख 16 हजार 041 सैम्पल जांचे गए। 


वहीं, देशभर के 930 अस्पतालों में कोरोना के मरीजों का इलाज हो रहा है। इन अस्पतालों में 1 लाख 58 हजार 747 आइसोलेशन, 20 हजार 335 आईसीयू और 69 हजार 076 ऑक्सजीन सपोर्टेड बेड उपलब्ध हैं। 
मंगलवार को 445 घरेलू उड़ानें संचालित हुईं


उधर, नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को बताया कि देश में एक दिन पहले 445 घरेलू उड़ानें संचालित हुईं। इससे 62 हजार 641 यात्रियों ने सफर किया। देश में सोमवार से घरेलू उड़ान सेवा शुरू हुई है। 
Covid19.Org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर बुधवार शाम तक संक्रमण के 1 लाख 53 हजार 243 मामले सामने आ चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में कोरोना मरीजों की संख्या 1 लाख 51 हजार 767 हो गई। 83 हजार 04 एक्टिव मरीज हैं। 64 हजार 425 ठीक भी हुए हैं, जबकि 4337 की मौत हुई है।  
पांच राज्यों का हाल


    मध्यप्रदेश, 7024: राजधानी भोपाल और इंदौर में बुधवार से सभी बाजार शर्तों के साथ खुल गए। हालांकि, रेड जोन में जरूरी सामानों की दुकानें ही खोलने की इजाजत दी गई है। राज्य में मंगलवार को 165 केस आए थे। राज्य में अब तक 305 की मौत हो चुकी है।


महाराष्ट्र, 54758: महाराष्ट्र पुलिस ने बुधवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में 75 पुलिसकर्मियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ अब तक 1964 अफसर और जवान संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 1095 एक्टिव केस हैं। वहीं, 20 की जान जा चुकी है। 849 रिकवर हो चुके हैं। राज्य में मंगलवार को 2091 नए मामले सामने आए, जबकि 97 मरीजों की मौत हुई थी। 



    उत्तरप्रदेश, 6724: राज्य के बस्ती शहर में बुधवार को तीन और कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 144 तक पहुंच गई। वहीं, बुलंदशहर में पिछले 24 घंटों के दौरान दो और कोरोना पॉजिटिव मिलने से जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 108 हो गई है। उत्तरप्रदेश में मंगलवार को 227 मरीज मिले थे, जबकि 8 की मौत हुई थी।
    राजस्थान. 7645: यहां बुधवार को संक्रमण के 144 मामले सामने आए और दो मौतें हुईं। इससे पहले मंगलवार को संक्रमण के 236 मामले सामने आए थे। इनमें जयपुर में 32, सिरोही में 27, सीकर में 25, उदयपुर में 25, झालावाड़ में 12, राजसमंद में 11, झुंझुनूं और बीकानेर में 5-5,  कोटा में 10, पाली में 23, धौलपुर में 2, जबकि भरतपुर में 1 मरीज मिला था
    बिहार, 3006: राज्य में बुधवार को 38 नए मरीज मिले। एक डीएम की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह उत्तर बिहार में तैनात हैं। बिहार में सरकारी अधिकारी में संक्रमण का यह दूसरा मामला है। इससे पहले नालंदा में एक आईएएस संक्रमित पाए गए थे। श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से बड़ी संख्या में प्रवासी घर लौट रहे हैं। 3 मई के बाद आने वाले प्रवासियों में 1900 संक्रमित मिले हैं, जो राज्य के कुल संक्रमित का लगभग 66% है।