कोरोना देश में- 82 हजार 834 केस: सरकार ने कहा- संक्रमितों की रिकवरी रेट 34.06%, लॉकडाउन के बाद केस दोगुना होने की दर भी बढ़कर 12.9 दिन हुई


यह तस्वीर दिल्ली की है। तपती दोपहर में बच्चों के साथ गाजीपुर की सीमा पर यह मजदूर परिवार कुछ देर सुस्ताने के लिए ठहरा है।


नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 82 हजार 834 हो गई है। शुक्रवार को कोरोना संकट को लेकर मंत्री समूह की 15वीं बैठक हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बताया कि बीते 24 घंटे में 1685 मरीज स्वस्थ हुए। इससे देश में संक्रमितों की रिकवरी रेट बढ़कर 34.06% हो गई। यही नहीं केस दोगुना होने की दर में भी सुधार आया है। पिछले हफ्ते यह 12.9 दिन दर्ज की गई। लॉकडाउन के बाद डबलिंग रेट में 3.4 दिन की बढ़ोतरी हुई। दुनिया में कोरोना से मृत्यु दर 6.92% है, जबकि भारत में यह 3.23% पर बनी हुई है।


स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के मुताबिक, अब तक मिले कोरोना संक्रमितों में से 79% देश के 30 नगरीय निकायों में हैं। मरीजों के इलाज के लिए 18 हजार 855 वेंटिलेटर उपलब्ध हैं। केंद्र सरकार ने 84.22 लाख N95 मास्क और 47.98 लाख पीपीई किट राज्यों को दी हैं। देश में अब 3 लाख पीपीई और N-95 मास्क रोज बनाए जा रहे हैं।


शुक्रवार को दिल्ली में 425, राजस्थान में 154, आंध्रप्रदेश में 102, कर्नाटक में 45, बिहार में 13, हरियाणा में 23, केरल में 16, पंजाब में 7 मरीज मिले। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 81 हजार 970 संक्रमित हैं। 51 हजार 401 का इलाज चल रहा है। 27 हजार 920 ठीक हो चुके हैं, जबकि 2649 की मौत हुई है।


नीट परीक्षा के लिए छात्रों को राहत मिली
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट परीक्षा के फॉर्म में गलतियां सुधारने और परीक्षा केंद्र के लिए शहर चुनने का एक आखिर मौका दिया है। अब इस परीक्षा में बैठने वाले छात्र अपने फॉर्म में 31 मई तक सुधार कर सकेंगे। यह कदम इसलिए उठाया गया है, ताकि छात्र जितना संभव हो उतना नजदीक सेंटर चुन सकें, क्योंकि कोरोना संकट के बीच दूसरे शहर आना-जाना आसान नहीं होगा।
5 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल


    मध्यप्रदेश, संक्रमित- 4426: मध्य प्रदेश में 18 मई से लॉकडाउन फेज-4 शुरू होगा। बताया जा रहा है कि यह 31 मई तक जारी रह सकता है। राज्य सरकार ने इसकी रणनीति तैयार कर ली है। इसे अंतिम रूप देकर आज रात तक केंद्रीय गृह मंत्रालय के पास भेज दिया जाएगा। फेज-4 में बाजारों को ऑड और ईवन के फाॅर्मूले से खोला जा सकता है। धार्मिक स्थानों पर प्रतिबंध 31 मई तक लागू रहेगा। 
    महाराष्ट्र, संक्रमित- 27524: मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन, पुणे, सोलापुर, औरंगाबाद और मालेगांव जैसे हॉट स्पॉट इलाकों में लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, यह फैसला इन इलाकों में बढ़ रहे संक्रमण और मृत्यु के आंकड़ों को देखते हुए लिया गया है। राज्य में अब कोरोना से हर 2 दिनों में लगभग 100 लोगों की मौत हो रही है। 
उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 3902: यहां पिछले 24 घंटे में 147 संक्रमित मिले। प्रदेश में अब तक 2072 कोरोना संक्रमित ठीक हो चुके हैं। इधर, लॉकडाउन के बीच संत शेाभन सरकार के अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले 4200 अज्ञात लोगों के खिलाफ महामारी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।


    राजस्थान, संक्रमित- 4688: यहां शुक्रवार को 154 कोरोना संक्रमित मिले। इनमें कोटा में 48, उदयपुर में 38, जोधुपर में 12, पाली में 13, जयपुर में 11, बीएसएफ कैम्प में 6, जालोर में 5, राजसमंद और सीकर में 3-3, अजमेर, जैसलमेर और चूरू में 2-2, जबकि चित्तौड़गढ़, भरतपुर, बाड़मेर, डूंगरपुर, बारां, करौली, झुंझुनू और दौसा में 1-1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 
    दिल्ली, संक्रमित- 8895: यहां शुक्रवार को संक्रमण के 425 मामले सामने आए। उधर, दिल्ली की जनता ने केजरीवाल सरकार को लॉकडाउन के स्वरूप पर 5 लाख से ज्यादा सुझाव दिए हैं। इनमें मास्क पहनना अनिवार्य करने और सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखने पर जोर दिया गया है। लोगों ने सीमित क्षमता के साथ बसों और मेट्रो की आवाजाही शुरू करने और 25% या 50% मॉल खोलने का भी सुझाव दिया है। 
बिहार, संक्रमित- 1005: यहां शुक्रवार को 6 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें से 5 मरीज खगड़िया में और 1 सीवान में मिला। बिहार में 3 मई के बाद दूसरे राज्यों से आने वालों में से 7500 लोगों के सैंपल की जांच हुई है। इनमें 352 संक्रमित मिले हैं। सबसे अधिक दिल्ली से आए 114 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। इनके अलावा गुजरात से लौटे 97, महाराष्ट्र से लौटे 66, पश्चिम बंगाल से लौटे 22, हरियाणा से लौटे 17 और उत्तरप्रदेश से लौटे 13 लोग संक्रमित मिले।