सोनिया गांधी का बड़ा ऐलान-कांग्रेस उठाएगी प्रवासी मजदूरों की रेल यात्रा का खर्च


नई दिल्ली
देश में कोरोना के संक्रमण रोकने के लिए लगे लॉकडाउन में कई प्रदेशों में प्रवासी मजदूर फंस गए थे। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने इसे सरकार के सामने उठाया था। हालांकि बाद में केंद्र सरकार ने सभी संबंधित राज्यों को अपने प्रवासी मजदूरों को शर्तों के साथ बुलाने की इजाजत दे दी थी। अब कांग्रेस ने ऐसे फंसे प्रवासी मजदूरों की मदद करने का ऐलान किया है।



  1. रेल यात्रा का खर्च उठाएगी कांग्रेस
    कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज कहा कि राज्य की सभी कांग्रेस प्रदेश कमेटियां जरूरतमंदों और प्रवासी मजदूरों को मदद करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कमेटियां ऐसे लोगों की रेल यात्रा का खर्च उठाएगी। इसके अलावा उनकी मदद करने के लिए अन्य कदम भी उठाएगी। सोनिया ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का यह देशवासियों की मदद और उनके साथ कंधा से कंधा मिलाकर खड़े होने का प्रयास भर है।


मजदूरों को लेकर केंद्र को घेर चुके हैं राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी लॉकडाउन में गरीबों, मजदूरों की रोजी-रोटी के बहाने केंद्र सरकार पर लगातार हमला बोल रहे हैं। उन्होंने कहा था कि बेसहारा लोगों को अन्न और जीविका के साधन उपलब्ध करवाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। राहुल ने ट्विटर पर कहा, 'कोविड-19 लॉकडाउन से रोज की रोटी कमाकर जीवन चलाने वाले भुखमरी का शिकार हो रहे हैं। झुंझलाहट और नफरत से किसी भी समस्या का समाधान नहीं होता। इस संकट में हमारे बेसहारा भाई बहनों को अन्न और जीविका की सुरक्षा देना सरकार की प्राथमिकता होनी ही चाहिए।'