भाजपा ने मंगलवार को दिल्ली, छत्तीसगढ़ और मणिपुर में प्रदेश अध्यक्ष बदले-भाजपा ने मनोज तिवारी को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाया, पूर्व महापौर आदेश गुप्ता अब नए अध्यक्ष; छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय को कमान


नई दिल्ली. भाजपा ने मंगलावर को प्रदेश स्तर पर पार्टी में बड़े बदलाव किए हैं। दिल्ली, छत्तीसगढ़ और मणिपुर में प्रदेश अध्यक्षों को बदला गया है। दिल्ली में मनोज तिवारी की जगह उत्तर दिल्ली के मेयर आदेश गुप्ता को अध्यक्ष पद दिया गया है। छत्तीसगढ़ में विक्रम उसेंडी की जगह विष्णुदेव साय प्रदेश अध्यक्ष पद संभालेंगे। मणिपुर में के भावनानंद सिंह की जगह एस टिकेंद्र सिंह को अध्यक्ष बनाया गया है।


आदेश गुप्ता की संघ में अच्छी पकड़ मानी जाती है। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। गुप्ता ने 1991 में कानपुर यूनिवर्सिटी से बीएससी की थी। उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में पेशा ठेकेदारी बताया था। माना जा रहा है कि बीजेपी ने दिल्ली में व्यापारी वर्ग को देखते हुए उन्हें आगे किया है। 


वहीं, एक चैनल से बातचीत करते हुए मनोज तिवारी ने बताया कि उनका कार्यकाल छह महीने ज्यादा हो गया था। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली में किसी को तकलीफ न हो, हम इसके लिए लड़ते रहेंगे। 


लॉकडाउन में क्रिकेट खेलने पर भी तिवारी की आलोचना हुई


दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद से ही मनोज तिवारी पर एक्शन के कयास लग रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, मनोज तिवारी ने खुद ही इस्तीफे की पेशकश की थी, लेकिन पार्टी ने इसे स्वीकार नहीं किया था। तिवारी को सोमवार को दिल्ली सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था। 


तिवारी कोरोना संक्रमण में लॉकडाउन के दौरान ही हरियाणा के सोनीपत में क्रिकेट मैच खेलने गए थे। इस दौरान उन्होंने मास्क भी नहीं पहना था और मैच के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का भी ध्यान नहीं रखा गया था। इस पर भी उनकी काफी आलोचना हुई थी। सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद तिवारी ने सफाई दी थी कि सभी गाइडलाइन का पालन किया गया था।


छत्तीसगढ़ में रमन के करीबी साय को कमान
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा की सहमति के बाद दिल्ली में राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने छत्तीसगढ़ में पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय को अध्यक्ष बनाया गया। वे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और संघ के करीबी माने जाते हैं।
साय पहले भी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। यह उनका तीसरा कार्यकाल होगा। इससे पहले 2006 से 2009 और फिर 2013 तक पार्टी की कमान उनके हाथ में रही। 1999 से 2014 तक रायगढ़ से सांसद रहे।