देश में अब तक 1 लाख 91 हजार 343 कोरोना केस-राजधानी की सीमा सील करने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी हिरासत में


यह जयपुर का बड़ी चौपड़ इलाका है। कंटेनमेंट जोन होने की वजह से अभी यहां सख्ती है। ऐसे में इस इलाके में सन्नाटा छाया हुआ है। 
नई दिल्ली. दिल्ली की सीमा को एक हफ्ते के लिए सील कर दिया गया है। जरूरी सेवाओं को इससे अलग रखा गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि एक हफ्ते बाद जनता से राय लेकर सीमा खोलने पर विचार किया जाएगा। उधर, दिल्ली के भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ इस फैसले के विरोध में प्रदर्शन करने राजघाट पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। लॉकडाउन के बीच ऐसे प्रदर्शन करने पर रोक है। 


केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में अब सलून खुलेंगे, लेकिन स्पा बंद रहेंगे। बाजारों में अभी दुकानें खोलने के लिए ऑड-ईवन सिस्टम अपनाया जा रहा था, लेकिन केंद्र सरकार ने इस तरह का नियम नहीं बनाया है, इसलिए अब सभी दुकानें खोली जा सकती हैं। केजरीवाल ने कहा कि ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य वाहनों में पहले यात्रियों की संख्या तय की गई थी, लेकिन अब यह प्रतिबंध भी हटाया जा रहा है।
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 91 हजार 343 हो चुकी है। सोमवार को राजस्थान में 149, असम में 22 और छत्तीसगढ़ में 5 मामले आए। इनके अलावा 139 मरीज और बढ़े, लेकिन किन राज्यों में यह स्पष्ट नहीं हो सका। इससे पहले रविवार को रिकॉर्ड 8763 मरीज बढ़े। 4921 संक्रमित ठीक हुए और 223 ने जान गंवाई। यह लगातार तीसरा दिन था, जब 8 हजार से ज्यादा संक्रमित बढ़े और 200 से ज्यादा लोगों की मौत हुई। मई महीने में देश में 1 लाख 55 हजार 756 मरीज बढ़े, 82 हजार 796 ठीक हुए और 4254 लोगों की मौत हुई।
पांच राज्यों के हाल


    मध्यप्रदेश: यहां बीते 24 घंटे में 198 नए मरीज सामने आए और 7 की मौत हुई। नए संक्रमितों में से इंदौर में 55, भोपाल में 45, अनूपपुर में 12, उज्जैन और बड़वानी में 10-10, सागर में 8 और विदिशा में 7 संक्रमित मिले। राज्य में अब तक 8089 मरीज हो गए हैं। राज्य में 4 हजार 842 लोग ठीक हो चुके हैं और 2 हजार 897 एक्टिव केस हैं। बीते 24 घंटे में 398 लोग स्वस्थ हुए। शिवराज सरकार ने लॉकडाउन 15 जून तक बढ़ा दिया है। 
    महाराष्ट्र: प्रदेश में 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 2487 नए केस सामने आए। संक्रमितों की संख्या 67 हजार 655 हो गई है। 89 लोगों की मौत के साथ मरने वालों का आंकड़ा 2 हजार 286 हो गया है। 29 हजार 329 लोग ठीक हो चुके हैं। इस बीच राज्य में सोमवार से शुरू हुए अनलॉक-1 का असर मुंबई की सड़कों पर दिखा। वाशी टोल ब्रिज के पास सुबह से ही करीब 2 किलीमीटर लंबा जाम लग गया। 



    उत्तरप्रदेश: यहां बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 378 नए मरीज मिले। यह एक दिन में संक्रमितों की सबसे ज्यादा संख्या है। इससे पहले 20 मई को 339 मरीज मिले थे। अब प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 8075 हो गई है। उधर, अनलॉक-1 के तहत आज से राज्य में सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक बाजार खुल रहे हैं। बस सेवाएं भी शुरू हो गई हैं। हालांकि, कंटेनमेंट जोन में पाबंदियां 30 जून तक जारी रहेंगी।
    राजस्थान: प्रदेश में सोमवार को संक्रमण के 149 मामले आए। इनमें भरतपुर में 44, जयपुर में 32, बारां में 27, पाली में 21, कोटा में 10, झालावाड़ में 5, झुंझुनूं में 4, सिरोही में 3, दौसा में 2, जबकि टोंक में 1 संक्रमित मिला। चार संक्रमितों की मौत भी हुई। इनमें जयपुर में 2, बारां और बीकानेर में 1-1 व्यक्ति ने जान गंवाई।



बिहार: यहां सोमवार को संक्रमण के 65 केस आए। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या 3872 हो गई। यहां अब तक 1520 लोग ठीक हो चुके हैं और 23 की मौत हुई है। राज्य के सभी 38 जिलों में संक्रमण फैल चुका है। इनमें सबसे ज्यादा प्रभावित पटना में 246 केस आए हैं। इसके बाद रोहतास में 206 मरीज हैं।