देश में अब तक 2 लाख 17 हजार 648 कोरोना केस-सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली, यूपी, हरियाणा से कहा- एनसीआर में आवाजाही के लिए कॉमन पॉलिसी बनाएं


दिल्ली-यूपी बॉर्डर सील होने के बाद राजधानी के एनएच-24 पर ट्रैफिक जाम हो गया। करीब एक किमी तक वाहन ही खड़े थे। 


नई दिल्ली. देश में कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या 2 लाख 17 हजार 648 हो गई। दिल्ली-एनसीआर बॉर्डर सील मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने आज सुनवाई की। कोर्ट ने कहा कि सभी के लिए एक कॉमन पास बने, जिसकी हरियाणा, यूपी और दिल्ली तीनों राज्यों में मान्यता हो। कोर्ट ने कहा कि तीनों राज्यों के प्रतिनिधियों/अफसरों को बैठक करनी चाहिए और इस मुद्दे को जल्द समाधान निकालना चाहिए। 


लॉकडाउन के दौरान पहले उत्तर प्रदेश ने नोएडा और गाजियाबाद के बॉर्डर सील किए थे। इन्हें बीच में खोला गया, लेकिन फिर सील किया गया। इसी तरह हरियाणा ने गुड़गांव और फरीदाबाद के सारे बॉर्डर सील किए। बीच में इन्हें भी खोला गया लेकिन फिर सील किया गया। फिर जब एक जून से हरियाणा ने ढील देने की बात कही तो दिल्ली ने 8 जून तक के लिए यूपी और हरियाणा बॉर्डर सील कर दिए। इसी को लेकर एक याचिका सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई थी।


उधर, Covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर बुधवार को एक दिन में 9638 संक्रमित मिले। इससे पहले एक दिन में सबसे ज्यादा 8789 मरीज 31 मई को मिले थे। महाराष्ट्र में बुधवार को 2560 संक्रमित सामने आए। यह छठवां दिन था, जब देश में 200 से ज्यादा मरीजों की मौत हुई। अकेले महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 122 लोगों ने दम तोड़ा।


केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में 9,304 नए मामले सामने आए हैं और 260 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 2 लाख 16 हजार 919 हो गई है, जिनमें से 1 लाख 06 हजार 737 सक्रिय मामले हैं। 1 लाख 4 हजार 107 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अब तक 6,075 मरीजों की जान जा चुकी है। 
पांच राज्यों का हाल


मध्य प्रदेश: राज्य में गुरुवार को 52 पॉजिटिव मिले। ये सभी भोपाल से हैं। इनमें कोटरा सुल्तानाबाद में 10, हॉटस्पॉट ऐशबाग में 9, 25वीं बटालियन में 3, बुधवारा और बरखेड़ी में 2-2 और बैरागढ़ मच्छी मार्केट में एक संक्रमित मिला। भोपाल में संक्रमितों की संख्या 1624 हो गई। जबकि 61 की मौत हो चुकी है। उधर, राज्य में संक्रमितों की संख्या 8640 हो गई है।
महाराष्ट्र: राज्य में पिछले 24 घंटे में 2,560 नए मामले सामने आए। इसके साथ कुल मरीजों की संख्या 74,860 तक पहुंच गई।


उत्तर प्रदेश: राज्य में राहत की बात यह है कि बीते 24 घंटे के भीतर 141 नए केस सामने आए। इसके पहले लगातार दो दिन से 300 से ज्यादा कोरोना केस मिल रहे थे। इन नए केसों में 62 प्रवासी श्रमिक हैं। अब तक 2466 प्रवासी श्रमिक संक्रमित पाए गए हैं। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 8,888 हो गया है।
बिहार: राज्य में बुधवार को 230 पॉजिटिव मरीज मिले। इसमें खगड़िया में 85, सीतामढ़ी में 14, समस्तीपुर में 14, भागलपुर 10, दरभंगा 11, सहरसा में 4 और राजधानी पटना में 2 संक्रमित मिले। अब तक 25 मरीजों की मौत हो चुकी है। 


राजस्थान: राज्य में गुरुवार को 68 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें भरतपुर में 16, जयपुर, जोधपुर और चूरू में 12-12, कोटा में 7, झुंझुनू में 5, बाड़मेर में 2, सवाई माधोपुर और नागौर में 1-1 पॉजिटिव मिले। इसके साथ संक्रमितों की संख्या 9720 हो गई है।