कोरोना देश में - अब तक 2.27 लाख मामले: एविशन मिनिस्टर पुरी ने बताया- 671 घरेलू उड़ानों में गुरुवार को 60 हजार से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया


यह तस्वीर भोपाल के एक सलून की है। यहां की ज्यादातर दुकानों में स्टाफ प्रोटेक्टिव किट पहनकर काम रहा है।  


नई दिल्ली. देश में कोरोनावायरस से संक्रमितों की संख्या 2 लाख 27 हजार 273 हो गई। उधर, देश में लगातार टेस्टिंग बढ़ाई जा रही है। एविशन मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को बताया कि 25 मई से डोमेस्टिक फ्लाइट्स शुरू होने के बाद 11वें दिन 4 जून को 671 उड़ानों में 60 हजार 306 यात्रियों ने सफर किया। यह यात्रियों और उड़ानों की दूसरी सबसे बड़ी संख्या है। इससे पहले एक जून को सबसे ज्यादा 692 उड़ानों में 64 हजार 651 यात्रियों ने सफर किया था। लॉकडाउन में  25 मार्च से देश में घरेलू उड़ानें बंद कर दी थीं। बाद में इन्हें 25 मई को फिर शुरू किया गया।


Covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 9838 नए मामले सामने आए। इससे पहले बुधवार को भी 9638 मरीज मिले थे। महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या 77 हजार, तमिलनाडु में 27 हजार और दिल्ली में 25 हजार के पार पहुंच गई है।


स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार सुबह अलग आंकड़े दिए। इसके मुताबिक, 24 घंटों में 9,851 मामले सामने आए और 273 लोगों की मौत हुई। इसके साथ देश में अब तक 2 लाख 26 हजार 770 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 1 लाख 10 हजार 960 एक्टिव केस हैं और 1 लाख 9 हजार 462 ठीक हो चुके हैं। वहीं, 6348 लोगों की मौत हुई है।
5 राज्यों का हाल
मध्य प्रदेश: देश में मध्य प्रदेश संक्रमितों के मामलों में छठवें से सातवें नंबर पर आ गया है। पहले महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान और मध्यप्रदेश आगे थे। लेकिन पिछले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या में इजाफा हुआ। उसने मध्य प्रदेश को पीछे छोड़ दिया। राज्य में संक्रमितों की संख्या 8762 हो गई है।
महाराष्ट्र: राज्य में पिछले 24 घंटे में 2933 नए केस मिले, जबकि 123 मरीजों की मौत हुई। देश के कुल 2 लाख 17 हजार 967 केसों में से 35% मरीज सिर्फ महाराष्ट्र में हैं। 1 जून से 4 जून के बीच एक्टिव कोविड-19 मरीजों में 11.29% का इजाफा हुआ है। 
बिहार: बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4452 हो गई है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 126 नए मरीज मिले हैं और तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। राज्य में अब तक 88313 सैंपल की जांच हो चुकी है। करीब 21 लाख प्रवासी मजदूर बिहार आ चुके हैं और इनमें से 11 लाख लोग क्वारैंटाइन पीरियड पूरा कर अपने घर लौट चुके हैं।


उत्तर प्रदेश: राज्य में बीते 24 घंटे में 371 नए मरीज मिले, जबकि 15 की मौत हुई। अब कुल संक्रमितों की संख्या 9242 पहुंच गई है। इस बीमारी से राज्य में 245 मरीजों की जान जा चुकी है।
राजस्थान: राज्य में शुक्रवार को 68 नए केस सामने आए। इनमें झालावाड़ में 23, भरतपुर में 20, जयपुर में 16, बारां में 4, कोटा में 2 और सवाई माधोपुर में 1 मरीज मिला है। वहीं, 2 दूसरे राज्य से आए व्यक्ति भी संक्रमित मिले हैं। इस तरह राज्य में अब तक 9930 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, अब तक संक्रमण से 213 की जान जा चुकी है।