अजमेर. शहर में रविवार सुबह से ही जनता कर्फ्यू का असर देखने को मिला। शहर में पहली बार दरगाह रोड सूनी नजर आई। वहीं, पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर में भी सभी जगह सूनी पड़ी रही। सुबह 7 बजे से ही पुलिस की गाड़ियां माइक के जरिए शहरवासियों से घरों में बंद रहने की अपील करते हुए घूमती नजर आई। वहीं, अजमेर व्यापार संघ के आह्वान पर शहर के सभी प्रमुख बाजारों जैसे मदार गेट, दरगाह बाजार, केसरगंज बाजार की सभी दुकानें बंद रही। शहरवासी घरों में बंद रहे।
अजमेर में देशभर जैसा ही माहौल नजर आया। यहां भी सभी प्रतिष्ठान और बाजार सुबह बंद रहे। भीड़भाड़ से भरे रहने वाले बस स्टेंड पर भी सुबह सन्नाटा पसरा रहा। सुबह से लोगों की नजरें टीवी चैनलों पर चल रही खबरों पर गड़ी रही। बच्चे भी घरों में ही कैद रहे।
युवा लोग अपने मोबाइल फोन पर सोशल मीडिया पर ज्यादा बिजी रहे। वहीं, पुलिस के अधिकारी अपने जाब्ते के साथ इलाके में गश्त करते नजर आए। शहर में इक्का दुक्का कुछ जगहों पर लोग सड़क पर आए। जहां पुलिस ने उन्हें समझाइश कर तो कहीं सख्ती कर वापस भगा दिया।