रेड जोन में भले ही केसेज बढ़ रहे हैं, लेकिन हालात पूरी तरह नियंत्रण में-चिकित्सा एंव स्वास्थ मंत्री रघु शर्मा


जयपुर. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. रघु शर्मा ने शुक्रवार को प्रदेश में कोरोना से बने हालात पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 8 रेड जोन को ग्रीन जोन में बदलने के लिए एक्शन प्लान बनाकर विशेष प्रयास किए जा रहे है। राज्य में संक्रमण की दर में लगातार गिरावट आ रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शुक्रवार दोपहर 2 बजे तक 2642 पाॅजीटिव मरीज चिन्हित किए गए हैं। इनमें से लगभग 1 हजार मरीज पाॅजीटिव से निगेटिव हो चुके हैं, जबकि 644 को तो डिस्चार्ज भी कर दिया गया है। यही नहीं प्रदेश में अब तक 1 लाख 9 हजार लोगों के सैंपल भी लिए जा चुके हैं।


चिकित्सा मंत्री ने बताया कि राजस्थान के 8 जिलों को रेड जोन में, 19 ओरेंज जोन में और 6 जिले ग्रीन जोन में शामिल किए गए हैं, जहां कोई भी पाॅजीटिव केसेज नहीं मिले हैं। प्रदेश में जिन जिलों को रेड जोन में शामिल किया है उनमें से भी कई जिलों में पाॅजीटिव से निगेटिव होने वालों की खासी तादात है। उनमें से कई डिस्चार्ज भी हो चुके हैं।


रेड जोन में भले ही केसेज बढ़ रहे हैं, लेकिन हालात पूरी तरह नियंत्रण में


डाॅ. शर्मा ने बताया कि जिन 8 जिलों को भारत सरकार ने रेड जोन में माना है, वहां कर्फ्यू लगा हुआ है। हालात थोड़े गंभीर हैं उनके लिए विशेष एक्शन प्लान बनाकर काम किया जा रहा है। इन क्षेत्रों के 1, 3 और 5 किलोमीटर के बफर जोन में व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग व सर्वेक्षण का काम चल रहा है। लोगों को होम क्वारैंटाइन, सरकारी क्वारैंटाइन, आइसोलेशन में रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि पॉजिटिव में केवल 7 केस ऐसे हैं, जो गंभीर हैं। इनमें से भी 3 लोग वेंटीलेटर्स पर हैं। उन्होंने बताया कि रेड जोन में भले ही केसेज बढ़ रहे हैं, लेकिन हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।


ऑरेंज जोन में शामिल 3-4 जिलों में कई दिनों से नहीं आया केस 


स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश के ऑरेंज जोन में शामिल 3-4 जिले ऐसे हैं, जहां पिछले कई दिनों से कोई पाॅजीटिव केस सामने नहीं आया है। ऐसे जिले भी जल्द ओरेंज जोन से ग्रीन जोन में जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान तो देश के उन राज्यों में है, जिसने कोरोना संक्रमण को क्षेत्र में बढ़ने से रोका है।